रजरप्पा मंदिर पुनर्विकास को लेकर डीसी ने की अधिकारियों के साथ बैठक, दिये निर्देश
रामगढ़, 22 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर परिसर के प्रस्तावित पुनर्विकास से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति और आवश्यक तैयारियों को लेकर बुधवार को रामगढ़ डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में उच्च न्यायालय की ओर से पारित आदेशों के अनुपालन के आलोक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने राजरप्पा मंदिर परिसर के पुनर्विकास कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान भूमि उपलब्धता, अवसंरचना विकास, यातायात प्रबंधन, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डीसी ने कहा कि रजरप्पा मंदिर न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। इसलिए इसके समग्र एवं योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता है।
उन्होंने वन विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को गति देने पर बल दिया। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रस्तावित योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर व्यवहारिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करें।
डीसी ने कहा कि पुनर्विकास योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जाएगा। जिससे क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश