विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा

 


देवघर, 11 मई (हि.स.)। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक सोमवार को आयोजित की गई।

बैठक में जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण इंडियन रेलवेज, एनएचएआई, राष्ट्रीय उच्च पथ और ईस्टर्न कोल फील्ड लिमिटेड (ईसीएल) चितरा से संबंधित विभिन्न लंबित और प्रगतिशील परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और भौतिक प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि आधारभूत संरचना से जुड़ी इन परियोजनाओं का सीधा प्रभाव जिले की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास और आम जनता की सुविधा पर पड़ता है। इसलिए सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मोहनपुर–हंसडीहा रेल लाइन परियोजना, बासुकीनाथ–चितरा रेल लाइन परियोजना, जसीडीह बाइपास रेल लाइन परियोजना, मधुपुर बाइपास रेल लाइन परियोजना, देवघर–बासुकीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग तथा ईसीएल चितरा को भूमि हस्तांतरण से संबंधित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने रेलवे, एनएचएआई और ईसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें, ताकि भू-अर्जन, भू-हस्तांतरण, मुआवजा वितरण सहित अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही उन्होंने कुल वितरित मुआवजा राशि और शेष लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए दिशा-निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता हीरा कुमार, ईसीएल चितरा के महाप्रबंधक, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमर प्रसाद, सभी अंचलाधिकारी, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल और पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, ईसीएल चितरा के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy