खनन विभाग ने हासिल किया 117 प्रतिशत राजस्व
रामगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। वित्त वर्ष 2025-26 में जिले के खनन विभाग ने कीर्तिमान स्थापित करते हुए 117 प्रतिशत राजस्व का लक्ष्य हासिल किया है। वित्त वर्ष 2025-26 में खान एवं भूतत्व विभाग से प्राप्त राजस्व लक्ष्य कुल 1193 करोड़ के विरूद्ध 1403 करोड़ की वसूली की जो लक्ष्य का 117 प्रतिशत है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में हुई राजस्व के निर्धारित लक्ष्य कुल 863 करोड़ की तुलना में इस वित्तीय वर्ष में राजस्व संग्रह 540 करोड़ रुपये अधिक हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग 63 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा जिला खनिज फाउंंडेशन मद में भी इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में 203 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 171 करोड़ रुपये की प्राप्ति डीएमएफटी मद में हुई थी। इस प्रकार पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 32 करोड़ रुपए की अधिक प्राप्ति हुई है।
जिले में खनिजों के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के लिए इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 63 प्राथमिकीयां दर्ज की गई हैं। इसमें 106 वाहनों को जब्त किया गया है। वहीं अवैध परिवहन के क्रम में कुल 29 वाहनों से 5.02 लाख रुपए की वसूली की गई है। साथ ही अवैध रूप से भण्डारित जब्त पत्थर और बालू खनिज की नीलामी से कुल 66.44 लाख रुपये की वसूली की गयी है।
साथ ही इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में रामगढ़ जिले में कुल 06 बालूघाटों के नीलामी जिला स्तरीय नीलामी समिति ने किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश