विश्व आदिवासी दिवस पर डीसी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
रामगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। विश्व आदिवासी दिवस पर रविवार को डीसी ऋतुराज ने छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान डीसी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उनका संघर्ष और उनके विचार आज भी समाज को प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, कला, भाषा एवं विरासत को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। आदिवासी समुदाय ने देश एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आदिवासी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
डीसी ने सभी जिलेवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज एवं जिले के समग्र विकास में योगदान देने का आह्वान किया। मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश