डीसी ने दिया विकास परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने पर जोर
रामगढ़, 23 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में संचालित आधारभूत संरचना एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने की।
बैठक में जिले में चल रही विभिन्न बड़ी परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं परियोजना अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड की विभिन्न कोल परियोजनाओं, पथ निर्माण विभाग, पतरातु विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड , स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से उनके जरिये संचालित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की। इस दौरान वनाधिकार अधिनियम (एफआरए), एनओसी, भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, ग्राम सभा तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े लंबित मामलों की क्रमवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जनहित एवं विकास से जुड़ी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए ताकि परियोजनाओं की गति प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन एवं परियोजना प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल से न केवल विकास कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि आम जनता को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान अंचलवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान भूमि संबंधी विवाद, मुआवजा भुगतान, अतिक्रमण, एनओसी एवं अन्य प्रशासनिक बाधाओं पर विशेष चर्चा हुई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं एवं अवरोधों की जानकारी नियमित रूप से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि समस्याओं की समय पर जानकारी मिलने से प्रशासन त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित कर सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश