डीसी ने किशाेरियाें के बीच बांटे सैनिटरी नैपकिन कीट

 


रांची, 30 मई (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को रांची जिले में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ्य रहो थीम पर आधारित कार्यक्रम का उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक वर्जनाओं को तोड़ना और किशोरियों-बालिकाओं में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जागरूकता को बढ़ावा देना है। मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। इससे जुड़ी गलतफहमियों को दूर करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रथम बार मासिक धर्म में प्रवेश करने वाली किशोरियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया और उन्हें हाइजिन और पोषण किट दिया। इसके अलावे उपायुक्त ने जिले के सभी कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के लिए 16 सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराई।

साथ ही कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांके को सैनिटरी नैपकिन डिस्पोजर मशीन भी दी गई। मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कस्तुरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं के बीच स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को आकर्षक पुरस्कार दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी बालिकाओं एवं छात्राओं को उपायुक्त ने महावारी स्वच्छता की शपथ दिलाई। उपायुक्त ने सभी बालिकाओं को सैनिटरी नैपकिन पैड भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रांची संजय भगत, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरभि सिंह, कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राएं, शिक्षिकाएं, महिला पर्यवेक्षिका सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar