एसआईआर के लिए घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, करेंगे छूटे मतदाताओं की पहचान : डीसी

 


रामगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के संचालन को लेकर गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जारी नोटिसों की सुनवाई और प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के भौतिक सत्यापन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क का संचालन किया जा रहा है। साथ ही, बीएलओ घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करेंगे और मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करने की कार्रवाई करेंगे।

डीसी ने बताया कि नोटिस प्राप्त होने के बाद संबंधित मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार वोटर हेल्पलाइन या भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। उन्होंने सभी योग्य नागरिकों से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

डीसी ऋतुराज ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पारदर्शी पुनरीक्षण प्रक्रिया के लिए सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला निर्वाचन कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश