उपायुक्त ने उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान केंद्रों पर कडी सुरक्षा व्यवस्था का दिया निर्देश
रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 12 अप्रैल को आयोजित होने वाली झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सुचारू संचालन के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गुरुवार को आर्यभट्ट सभागार में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की।
बैठक में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेटों, उड़न दस्ता टीमों, केंद्र अधीक्षकों और परीक्षा कार्य से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया।
उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। सभी परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्ता और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की सक्रिय निगरानी रखने, नकल, अनुचित साधनों का उपयोग या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोकने एवं दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
500 मीटर की परिधि में निषिद्ध क्षेत्र घोषित
उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों के आसपास 500 मीटर की परिधि में निषिद्ध क्षेत्र घोषित करने को कहा जहां मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहे।
उपायुक्त ने अधिकारियों से उम्मीदवारों और स्टाफ की सुविधा के लिए केंद्रों पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा एवं अन्य जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही सभी केंद्र अधीक्षकों से अपने-अपने केंद्रों पर समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने और कोई भी अनियमितता तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करने को कहा। उन्होंने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। परीक्षा को निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 एक महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रिया है। इसमें हजारों युवाओं की मेहनत और भविष्य जुड़ा हुआ है। इसलिए परीक्षा को निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी अधिकारियों से पूर्ण सतर्कता, समर्पण और निष्पक्षता बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान बताया गया कि परीक्षा रांची के विभिन्न केंद्रों पर तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई कि वे एडमिट कार्ड, परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें एवं परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें।
ब्रीफिंग में अपर जिला दंडाधिकारी विधि- व्यवस्था राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, जिला योजना पदाधिकारी विनय कुमार, जिला कोषागार पदाधिकारी सारिका भगत और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak