सदर अस्पताल में उपायुक्त का औचक निरीक्षण
देवघर, 30 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओटी, आईसीयू, सिटी स्कैन, बर्न यूनिट, मेटरनिटी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान उपायुक्त ने चिकित्सकों की ड्यूटी रोस्टर, उपस्थिति पंजी सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की।
साथ ही आईसीयू, दवाखाना और ओपीडी का निरीक्षण करते हुए पंजीकृत मरीजों की संख्या का अवलोकन किया और संबंधित चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अल्ट्रासाउंड मशीन के सुचारू संचालन को लेकर सिविल सर्जन को भी जरूरी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित और बेहतर होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और अस्पताल की छवि सुदृढ़ हो।
उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सेवा भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। ऐसे में अस्पताल परिसर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है, ताकि यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ और सुखद माहौल मिल सके तथा बीमारियों से बचाव संभव हो। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy