गोला अंचल कार्यालय का डीसी ने किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों के वेतन पर लगाई रोक
रामगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)।
जिले के सरकारी कार्यालयों में कार्य संस्कृति में सुधार लाने, अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय करने एवं आमजनों को समयबद्ध तथा पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को गोला प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति, सरकारी योजनाओं की प्रगति, जन शिकायतों के निष्पादन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय में कई अधिकारी और कर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अनुपस्थित कर्मियों के आज के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोला से स्पष्टीकरण मांगा। वहीं, जिन कार्यालयों में ताला लगा पाया गया, उनके संबंधित प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में समय पर उपस्थिति और नियमित रूप से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत लाभुकों को किए जा रहे भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया। इसके अलावा लंबित जन शिकायतों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदनों की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा।
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों के मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को सख्त नोटिस जारी किया और रिपोर्ट मांगा। उन्होंने कार्यालय में अनावश्यक लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने और सभी सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही पूर्व निरीक्षण में दिए गए निर्देशों का अनुपालन प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को कार्यालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने और विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च
प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश