रालीबेड़ा गांव में जल संकट पर डीसी हुए गंभीर, फौरन मरम्मत कराकर जलापूर्ति कराई शुरू

 




रामगढ़, 14 जून (हि.स.)। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत लुकैया पंचायत के रालीबेड़ा गांव में जल संकट पर डीसी ऋतुराज गंभीर दिखे। उन्होंने अत्यंत गंभीरता से जनसमस्या का त्वरित निवारण कराया। विभागीय पदाधिकारियों को अविलंब धरातल पर उतरकर सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

डीसी के निर्देश पर विभागीय तकनीकी टीम ने त्वरित कार्रवाई की। स्थल पर पंचायत सचिव, मुखिया एवं कनीया अभियंता की ओर से तकनीकी कमियों को दूर किया गया। युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य पूर्ण कर चापाकल जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू कराया गया। इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों को तात्कालिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से क्षेत्र में पेयजल टैंकर उपलब्ध कराया गया है।

समस्या के स्थायी एवं सुदृढ़ समाधान के लिए पीएचईडी के (जेई) एवं अन्य विभागीय अधिकारियों की टीम की ओर से रालीबेड़ा गांव का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वहां स्थापित जल मीनार का विस्तृत तकनीकी सर्वे संपन्न किया गया है। जलापूर्ति व्यवस्था को दीर्घकालिक रूप से संचालित रखने के उद्देश्य से जल्द ही जल सहिया के साथ एक समीक्षा बैठक आहूत की गई है। इसके माध्यम से सभी शेष खराबियों को दुरुस्त कर सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

इस संबंध में डीसी की ओर से स्पष्ट किया गया कि जिला प्रशासन सुदूरवर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश