बच्चों के क्लास टीचर बन गए डीसी, बताया सक्सेस मंत्र

 




रामगढ़, 17 जून (हि.स.)। डीसी ऋतुराज सिर्फ मीटिंग हॉल में बैठकर योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा नहीं कर रहे। वे सीधे धरातल पर जाकर वास्तविकता से रू-ब-रू हो रहे हैं। बुधवार को वे दुलमी प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल, चटाक पहुंचे। यहां उन्होंने सीधे बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में बात की। क्लास में वे एक डीसी नहीं, बल्कि शिक्षक की भूमिका में नजर आए।

बच्चों का सिलेबस, पढ़ाई करने का ढंग और यहां तक कि शिक्षक और छात्रों के बीच के व्यवहार के बारे में भी उन्होंने बात की। इस दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, तकनीकी संसाधनों और बुनियादी व्यवस्थाओं का भी जायजा उन्होंने बातों-बातों में ही ले लिया।

छात्र-छात्राओं से बात करते हुए डीसी ऋतुराज ने सक्सेस का फंडा भी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे आप अपने हर सपने को सच कर सकते हैं। आप अभी से अपना एक लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए पूरी एकाग्रता के साथ सिर्फ और सिर्फ अपनी पढ़ाई पर फोकस करें। उन्होंने बच्चों से बात कर उन्हें समय पर पाठ्य पुस्तकें, छात्रवृत्ति, पोशाक और साइकिल की राशि मिलने के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्राचार्य को निर्देशित किया कि सरकार की किसी भी कल्याणकारी योजना से कोई भी योग्य छात्र वंचित नहीं रहना चाहिए।

डीसी ने विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा की और आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्राचार्य और सभी शिक्षकों को निर्देश दिया कि सभी कक्षाओं का सिलेबस समय पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि सिलेबस पूरा होने के बाद बच्चों को रिवीज़न के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। पढ़ाई की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

आधुनिक शिक्षा की दिशा में विद्यालय के प्रयासों को देखने के लिए उपायुक्त सीधे आईसीटी लैब पहुंचे। वहां उन्होंने कंप्यूटरों की कार्यशीलता को देखा और लैब में मौजूद छात्र-छात्राओं से बात की। उपायुक्त ने बच्चों की कंप्यूटर दक्षता को स्वयं जांचा और उनसे कुछ प्रैक्टिकल भी करवाए। इसके बाद वे विद्यालय के कार्यालय पहुंचे, जहां नोटिस बोर्ड, शिक्षक उपस्थिति पंजी और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। नोटिस बोर्ड पर सूचनाओं के नियमित अपडेशन को लेकर उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद, उन्होंने मिड-डे मील (मध्याह्न भोजन) योजना की जांच की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश