डीसी-एसएसपी ने रथयात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा व श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर दिए निर्देश

 




रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। जगन्नाथपुर रथयात्रा एवं मेले के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों के साथ रथयात्रा मार्ग एवं मौसीबाड़ी परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रथयात्रा मार्ग को पूरी तरह समतल एवं साफ रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर गड्ढे, कंकड़ या किसी प्रकार की बाधा नहीं रहनी चाहिए, ताकि रथयात्रा और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके। साथ ही मार्ग से अतिक्रमण हटाने और आयोजन के दौरान पूरे रास्ते को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बिजली विभाग को रथयात्रा मार्ग के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को सुरक्षित करने या आवश्यकतानुसार हटाने का निर्देश दिया। वहीं, श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की। मौसीबाड़ी परिसर में टेंट, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

दूसरी ओर, एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी वॉच टावरों को सक्रिय रखने और प्रत्येक वॉच टावर पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रथयात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी तथा सड़क के डिवाइडर पर किसी भी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम (विधि-व्यवस्था) धनंजय, डीएसपी हटिया नीरज कुमार, संबंधित थाना प्रभारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे