डीसी ने सपरिवार बड़की नदी घाट पर दिया अर्घ्य
रामगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा में जिले के अधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता दी। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के बीच पूरे जिले में संध्या अर्घ्य का अनुष्ठान शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
डीसी ऋतुराज ने सपरिवार छत्तरमांडू स्थित बड़की नदी छठ घाट पहुंचकर भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जिले के प्रमुख घाटों पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पार्किंग और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। नदी और तालाबों में खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर लाल झंडे लगाए गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों, स्वयंसेवकों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं, प्रमुख घाटों पर हेल्प डेस्क और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं दी जा रही थीं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर विभिन्न घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहे। छठ पूजा समितियों और स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश