महिला वॉलीबॉल खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर शुरू
देवघर, 05 नवंबर (हि.स.)। जिला वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से स्थानीय संत मेरी गर्ल्स हाई स्कूल में 10 दिवसीय वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में अब तक जिले की 35 महिला खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया है। शिविर का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर संत मेरी गर्ल्स हाई स्कूल की प्राचार्या क्रिस्टीना मुर्मू ने जिला खेल पदाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं, शिविर के प्रशिक्षक बंटी नंदन सिंह ने अंगवस्त्र देकर उनका अभिनंदन किया।
शिविर का संचालन कोच बंटी नंदन सिंह की देखरेख में किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड वॉलीबॉल संघ की ओर से नवंबर से फरवरी के बीच जूनियर, यूथ एवं सीनियर वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी हैं। इन्हीं प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए महिला खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार ने जिला वॉलीबॉल संघ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संघ जिले में खेल को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। संत मेरी स्कूल के प्राचार्य एवं प्रबंधन की ओर से मिल रहा सहयोग भी खेलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों से खिलाड़ियों को नई तकनीक सीखने, अपनी कमियों को दूर करने और प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलता है।
शिविर की खास बात यह है कि इसमें देवघर जिले की कई राष्ट्रीय स्तर की महिला वॉलीबॉल खिलाड़ी भी प्रशिक्षण ले रही हैं। इनमें दीपिका सिंह, दिव्या कुमारी, कृति सिंह, इशिका चौहान और रीमा कुमारी प्रमुख हैं। अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा एवं जूनियर खिलाड़ियों को उनके अनुभवों से सीखने तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप अपनी तैयारी मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान जिला खेल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आवश्यक खेल किट उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
मौके पर जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव नवीन शर्मा सहित मौसम, मुस्कान, सलोनी, गुड़िया, भवानी, लक्ष्मी, गुंजा, स्वीटी, पायल, निधि, सोनी समेत बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ी उपस्थित थीं।
प्रशिक्षण शिविर से देवघर की महिला वॉलीबॉल खिलाड़ियों को बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण, अनुभव और आत्मविश्वास मिलने की उम्मीद है। साथ ही आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले की खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy