असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब की प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त
देवघर, 23 अगस्त (हि.स.)। मोहनपुर क्षेत्र अंतर्गत कुंडा थाना क्षेत्र के कुमरडीह भदवारी गांव में शनिवार की देर रात असामाजिक तत्वों की ओर से बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर पंचायत के पूर्व मुखिया एवं जिला बीस सूत्री सदस्य सह कांग्रेस नेता दिनेश कुमार मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कुंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना पर बहुजन आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञान रंजन, श्रवण कुमार सहित अन्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भी प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना की निंदा करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मौके पर स्थानीय ग्रामीणों के अलावा नेत्री निर्मला भारती, पवन दास, छोटू दास, विवेक कुमार दास, किशन दास, रितेश दास, अरुण दास, विजय कुमार दास, वार्ड सदस्य सुनील दास, ज्योतिन दास, जितेंद्र यादव, सोनी कुमारी, रेखा कुमारी, ललिता देवी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच कर घटना में शामिल असामाजिक तत्वों को चिह्नित किया जाए और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का माहौल बना रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy