डालसा का चेरिमा गांव में डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता अभियान, मानव तस्करी व नशा उन्मूलन पर जोर

 


रांची, 03 मार्च (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची (डालसा) की ओर से मंगलवार को बेड़ो प्रखंड के ईटा पंचायत अंतर्गत चेरिमा गांव में डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता सह जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत ग्रामीणों को मानव तस्करी, नशा उन्मूलन, बाल श्रम निषेध तथा निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

यह कार्यक्रम न्यायामूर्ति सह झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना एवं न्यायायुक्त सह अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम, बाल अधिकारों की सुरक्षा, मुकदमे से पूर्व की प्रक्रिया (प्री-लिटिगेशन), विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं तथा आयुष्मान भारत योजना के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके साथ ही आगामी 14 मार्च 2026 को रांची के व्यवहार न्यायालय में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निःशुल्क निस्तारण के लिए आमजनों से भागीदारी की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का त्वरित एवं सरल समाधान संभव है।

इस अवसर पर अधिवक्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील करते हुए मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क एवं जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में पैरा-लीगल वॉलंटीयर (पीएलवी) सतीश कुमार, संजय कुमार, मंगल तिर्की, दिनेश प्रमाणिक, सधनी कुमारी एवं अमित बड़ाईक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar