डाक चौपाल में डिजिटली लोगों तक पहुंचीं डाक विभाग की योजनाएं

 


रामगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। डाक विभाग की सेवाओं और योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को रामगढ़ शहर के गांधी चौक पर डाक चौपाल का आयोजन किया गया। ‘डाक सेवाएं आपके द्वार’ पहल के तहत लोगों को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल माध्यम से इन सेवाओं का लाभ उठाने के तरीके बताए गए।

कार्यक्रम का आयोजन सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश कुमार पासवान और डाक निरीक्षक आशीष कुमार पांडेय के निर्देश पर पोस्टमास्टर जसीम खान के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की।

इस अवसर पर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव चंदन कुमार महतो ने कहा कि डाक चौपाल का मुख्य उद्देश्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को उनके प्रति जागरूक करना है। डिजिटल माध्यम से सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने से आम लोगों को योजनाओं को समझने और उनका लाभ लेने में सुविधा मिलती है।

डाक चौपाल में विकास कुमार राय, राजकपूर कुमार, गंभीर करमाली, आदर्श अनिकेत, अवधेश कुमार, बबन कुमार राय, शंभू कुमार, अरविंद कुमार और नीतीश यादव सहित कई लोग उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर डिजिटल माध्यम से विभिन्न डाक सेवाओं और योजनाओं की जानकारी मिलना उपयोगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश