निगम के सफाई मजदूरों को श्रम कानूनों का मिले लाभ : भवन

 


रांची, 13 अगस्त (हि.स.)। झारखंड सीटू के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने श्रमायुक्त से रांची नगर निगम के दैनिक सफाई मजदूरों के हित में श्रम कानूनों का अनुपालन कराने की मांग की है। उन्होंने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि निगम के अधिकारी श्रम कानूनों का उल्लंघन कर मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित कर रहे हैं। नगर निगम के दैनिक सफाई मजदूरों को हर हाल में श्रम कानूनों का लाभ मिलना चाहिए। इसपर सरकार ध्यान दे। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यूनियन वैधानिक और आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगी।

भवन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी अवकाश का लाभ लेते हैं, जबकि दैनिक सफाई मजदूरों से काम लिया जाता है। इसके बदले उन्हें न तो डबल छुट्टी और न ही भत्ता दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला मजदूरों को मातृत्व अवकाश का लाभ भी नहीं मिलता और अवकाश लेने पर सेवा समाप्त किए जाने की शिकायतें हैं।

उन्होंने कहा कि मजदूरों को वेतन पर्ची और पहचान पत्र तक उपलब्ध नहीं कराया जाता। दिसंबर 2013 में ए टू जेड कंपनी के ठेके के दौरान किए गए कार्य की मजदूरी का भुगतान भी अब तक लंबित है। यूनियन का आरोप है कि इस मामले को लेकर वह पिछले एक वर्ष से श्रम विभाग का दरवाजा खटखटा रही है।

भवन सिंह ने कहा कि अप्रैल से बढ़े महंगाई भत्ते का भुगतान भी दैनिक मजदूरों को अब तक नहीं किया गया है, जबकि निगम के नियमित कर्मियों को इसका भुगतान हो रहा है। उन्होंने श्रमायुक्त से नगर निगम प्रशासन को बुलाकर श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar