अपराधियों ने सीसीएल के सिरका कोलियरी में फायरिंग कर मांगी रंगदारी

 




रामगढ़, 27 जून (हि.स.)। कोयलांचल में अपराधियों की धमक कोई नई बात नहीं है। रामगढ़ के सिरका कोलियरी में अपराधियों ने गोलीबारी कर एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है।

सीसीएल सिरका सीएचसी के बूम बैरियर आरएफआईडी पर गोलीबारी कर कोलियरी में काम कर रहे ठेकेदारों से रंगदारी मांगने की कोशिश की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार को रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

बूम बैरियर पर मौजूद सीसीएल सुरक्षाकर्मी चरवा उरांव ने पूरी कहानी बयां की है। उन्होंने बताया कि शनिवार के तडके सुबह दो अपराधी बाइक पर सवार होकर बैरियर के पास पहुंचे। वहां कांटा घर के पास उन लोगों ने गेट खुलवाया और कहा कि यहां काम कर रहे कंपनी के मालिक को मिलकर काम करने का संदेश दे देना। इसके बाद अपराधियों ने वहां गोली चलाई और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

सिरका कोलियरी में किस गिरोह के अपराधियों ने धावा बोला है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। घटनास्थल पर जांच करने गए रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि अभी पूरी तहकीकात की जा रही है।

पुलिस यह स्पष्ट करने में लगी है कि किन लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। गोली चलाने वाला किसी आपराधिक गिरोह के सदस्य है या फिर कोई दूसरा ही अपराधी इस वारदात को अंजाम देकर अपनी उपस्थिति दर्ज करना चाह रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश