भाकपा ने किसानों को अमानक सामग्री के वितरण के विरोध में किया कृषि निदेशालय का घेराव
रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। भाकपा रांची जिला, एटक और झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की ओर से गुरुवार को कृषि निदेशालय, रांची का घेराव किया गया।
घेराव से पूर्व सीएमपीडीआई से एक जुलूस निकाला गया।
जुलूस का नेतृत्व सीपीआई के जिला सचिव अजय सिंह, एटक के अशोक यादव, पुष्कर महतो और किसान नेता तारा सिंह मुंडा ने संयुक्त रूप से किया। जुलूस में कई महिलाओं सहित किसान भी शामिल हुए।
जुलूस में किसान कृषि निदेशक किसानों को ठगना बंद करो और काली सूची में दर्ज कंपनियों को कार्यादेश क्यों के नारे लगा गए। जुलूस कृषि भवन परिसर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा रांची जिला सचिव अजय सिंह ने कहा कि कृषि निदेशालय में चारा घोटाले से भी बड़ा घोटाला हुआ है। किसानों को अमानक सामग्री (नॉन स्टैंाडर्ड मैटेरियल) का वितरण किया गया है।
उन्होंने सवाल किया कि सीआईपीईटी की जांच में अमानक पाई गई कंपनियों को फिर से कार्यादेश क्यों दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत ड्रिप इरिगेशन एंड एग्रो कंपनी जो काली सूची में दर्ज है, हजारीबाग के उपायुक्त ने उस पर केस दर्ज करने की अनुशंसा की थी, लेकिन इस कंपनी को ही सबसे ज्यादा कार्यादेश और भुगतान किया जा रहा है।
यह मिलीभगत को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि तार्किक आदेश की शर्तों का पालन हुए बिना ही 14 काली सूची वाली कंपनियों को मुक्त कर दिया गया। जब तक सीआईपीईटी की नई जांच रिपोर्ट नहीं आती, सभी कंपनियों के भुगतान पर रोक लगे और एसआईटी से जांच कराने की मांग की।
सभा में एटक नेता अशोक यादव और पुष्कर महतो ने कहा कि यदि 07 दिनों के अंदर जांच नहीं हुई तो कृषि निदेशालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak