प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी से छात्रों का भरोसा प्रभावित, सीजीएल की हो सीबीआई जांच : आलोक रंजन
रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले शिक्षक आलोक रंजन ने छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी ने कई छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस निर्णय लेना चाहिए।
मोरहाबादी निवासी आलोक रंजन ने रविवार को जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के धरना स्थल पर छात्रों से बातचीत के दौरान कहा कि जब उन्होंने पांचवीं-छठी जेपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं दी थीं, तब उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि व्यवस्था में भ्रष्टाचार कथित तौर पर इस स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यदि उस समय उन्हें ऐसी गड़बड़ियों की जानकारी होती तो संभव है कि आज वह भी सरकारी सेवा में होते।
उन्होंने कहा कि 14वीं जेपीएससी, सीजीएल समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के मामले सामने आने और अभय तिवारी समेत अन्य लोगों के नाम चर्चा में आने से छात्रों का व्यवस्था पर भरोसा प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्रों की इस पीड़ा को महसूस करते हुए वह उनके आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल हुए हैं।
आलोक रंजन ने बताया कि विधानसभा मार्च के दौरान उन्होंने भी छात्रों के साथ लाठियां खाईं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को केवल आंदोलन के रूप में देखने के बजाय सरकार को उनके भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता से जोड़कर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
आलोक रंजन ने विशेष रूप से सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने अभय तिवारी के कथित बयान का हवाला देते हुए 15 विद्यार्थियों से 12-12 लाख रुपये लेकर बोकारो में प्रश्न रटवाने के लगाए गए आरोपों की भी जांच की मांग की।
शिक्षक ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, क्योंकि इन परीक्षाओं पर हजारों युवाओं का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने सरकार से राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर छात्र हित में निर्णय लेने और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।---------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar