निगम कांके डैम के संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए चला रहा विशेष अभियान

 


रांची, 07 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के महत्वपूर्ण जल स्रोतों में शामिल कांके डैम के संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण को लेकर रांची नगर निगम की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

विगत दिनों नगर आयुक्त की ओर से वार्ड संख्या-01 स्थित कांके डैम क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किए जाने के बाद दिए गए निर्देशों के आलोक में निगम की विभिन्न शाखाओं की ओर से समन्वित रूप से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में स्वच्छता शाखा एवं ट्रांसपोर्ट शाखा की संयुक्त टीम कांके डैम में जमे जलकुंभी, गाद एवं अन्य अवांछित पदार्थों को हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान संचालित कर रही है।

अभियान के तहत डैम में पोकलेन मशीन और वीड हार्वेस्टिंग मशीन को उतारा गया है।

इन अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से जलाशय में फैली जलकुंभी को हटाने और तल में जमा गाद की सफाई का कार्य किया जा रहा है। इससे न केवल जलाशय की स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि इसकी जलधारण क्षमता को भी संरक्षित एवं सुदृढ़ किया जा सकेगा।

साथ ही, डैम के तटवर्ती क्षेत्रों में उगी झाड़ियों एवं अनियंत्रित घासों की व्यापक कटाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र की साफ-सफाई बेहतर होने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

अभियंत्रण शाखा की ओर से भी कांके डैम के संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।

पोकलेन मशीन के माध्यम से निकाले गए गाद का उपयोग कैचमेंट एरिया में अस्थायी पाथ-वे (पैदल मार्ग) निर्माण के लिए किया जा रहा है। इस पहल से डैम क्षेत्र में आने वाले नागरिकों के लिए एंड-टू-एंड एक्सेसिबिलिटी सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, डैम में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की पहचान कर उनके निराकरण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य कांके डैम में ड्रेनों के पानी के प्रत्यक्ष प्रवाह को रोकना और जलाशय में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करना है।

भविष्य में स्थायी और दीर्घकालिक समाधान के लिए भी आवश्यक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

रांची नगर निगम का उद्देश्य कांके डैम को एक स्वच्छ, संरक्षित और प्रदूषणमुक्त जलाशय के रूप में विकसित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस महत्वपूर्ण जल स्रोत को सुरक्षित रखा जा सके। निगम जलाशयों के संरक्षण को लेकर निरंतर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।

रांची नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का ठोस अपशिष्ट, प्लास्टिक, निर्माण मलबा अथवा तरल अपशिष्ट जलाशयों, नालों एवं जल स्रोतों में प्रवाहित न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे