अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं सहकारी संघ : उपायुक्त

 


रांची, 24 जून (हि.स.)। सिद्धो-कान्हो कृषि और वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड, रांची की आमसभा वर्ष 2025-26 से संबंधित बैठक उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को मोरहाबादी स्थित रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने जिले के अच्छे कार्य करने वालें एमपीसीएस लैंप्स के प्रतिनिधियों को अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस सम्मान के माध्यम से उन्होंने सहकारी संस्थाओं के उत्कृष्ट योगदान को लेकर प्रोत्साहित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने संघ के आगामी वर्ष के लक्ष्यों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने, कृषि एवं वनोपज उत्पादकों के हितों की रक्षा करने और जिले में सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उपायुक्त ने बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा की योग्य मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में जुड़े कोई योग्य मतदाता न छूटे इस पर विशेष ध्यान दें।

उन्होंने सभी सहकारी संघ के सदस्यों और पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

साथ ही उन्होंने जिले में चल रहे नशा जागरूकता अभियान की जानकारी दी। उन्होंने सभी सहकारी संघ के सदस्यों और पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

भजन्त्री ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। हमें मिलकर नशे के खिलाफ एक मजबूत दीवार खड़ी करनी होगी।

उन्होंने लोगों से विशेष रूप से कहा कि अफीम की खेती करने वालों की सूचना दें। ऐसे लोगों पर जिला प्रशासन सख़्त कार्रवाई करेगा।

बैठक में उपायुक्त ने प्रमुख बिंदु वर्ष 2025-26 के लिए संघ की वार्षिक योजनाओं, बजट और लक्ष्यों पर चर्चा, कृषकों और वनोपज संग्राहकों को बेहतर मूल्य प्रदान करने के लिए रणनीति, सहकारी संस्थाओं में डिजिटलीकरण एवं पारदर्शिता बढ़ाने के उपाय, पर चर्चा करते हुए कई अहम निर्देश दिए।

बैठक में संघ के अन्य पदाधिकारियों, सदस्यों और एमपीसीएस प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और आगामी वर्ष में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त रांची, संजय भगत, डीएफओ श्रीकांत वर्मा, जिला सहकारिता पदाधिकारी रविंद्र दास, जिला कृषि पदाधिकारी रामशंकर सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रांची, रामगोपाल पांडेय, जिला मत्स्य पदाधिकारी रांची, जिला पशुपालन पदाधिकारी रांची एवं सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak