श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
देवघर, 08 जुलाई (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, रेडक्रॉस प्रतिनिधि, होटल संचालक, गैस एजेंसियों, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल के अधिकारी, पेड़ा, चूड़ा और इलायचीदाना व्यवसायी सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेले के दौरान देवघर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, व्यवसायियों और संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उचित और निर्धारित दर पर उपलब्ध कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने होटल संचालकों और भोजनालय संचालकों को स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही गैस एजेंसियों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में उपलब्ध कराए जाने वाले पेड़ा, चूड़ा, इलायचीदाना और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में सभी थोक और खुदरा व्यापारियों को निर्देश दिया गया कि खाद्य सामग्री पर 'यूज्ड बाय डेट' अंकित करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। जिन दुकानदारों का खाद्य लाइसेंस समाप्त हो चुका है, वे तत्काल उसका नवीकरण कराएं। यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
उपायुक्त ने दुकानों और उनके आसपास पर्याप्त कूड़ेदान की व्यवस्था करने एवं साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित मेला का अनुभव मिलना चाहिए। उन्होंने सभी अस्थायी और स्थायी सेवा शिविरों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित मेला बुकलेट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कांवड़िया पथ पर बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं करने की सलाह दी गई। यदि किसी संस्था को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना आवश्यक हो तो जनसंपर्क विभाग की ओर से चयनित कला दलों के माध्यम से ही कार्यक्रम कराने की बात कही गई।
यातायात व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने बताया कि सावन माह में जाम की स्थिति से बचने के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। भारी वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं और दूसरे जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए भी अलग रूट प्लान बनाया गया है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
बैठक में सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, देवघर एवं मोहनपुर के अंचलाधिकारी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy