मामूली बहस में लाठी से युवक पर हमला, मौत

 


दुमका, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के मसलिया थाना क्षेत्र के झुनको गांव में रविवार को आपसी विवाद के दौरान लाठी से हमला किए जाने से सुनील मुर्मू की मौत हो गई। घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे आरोपित रूबीशल सोरेन को ग्रामीणों ने दबोच लिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपित की जमकर पिटाई करने के बाद पेड़ से बांध दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच ग्रामीणों के चुंगल से छुड़ा हिरासत में लेने में सफल हुई है। जानकारी के अनुसार सुनील मुर्मू और रूबीशल सोरेन बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रूबीशल ने सुनील के सिर पर लाठी से हमला कर दिया। लाठी लगने से सुनील गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे रूबीशल को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई की और पेड़ से बांध दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच आरोपित को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त करा हिरासत में लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

मामले में थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई में पुलिस जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार