राज्य सरकार की खनिज नीतियों के खिलाफ संवेदक संघ 30 जुलाई को देगा धरना

 


रामगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। जिला संवेदक संघ की बैठक मंगलवार को जिलाध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन संघ के सचिव दयासागर प्रसाद ने किया। इस दौरान बैठक में राज्य सरकार के खनन विभाग की ओर से ई-परिवहन चालान से संबंधित पुराने नियम को समाप्त करने के बाद उत्पन्न स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संवेदकों ने कहा कि जिले में ईंट, बालू, चिप्स और बोल्डर जैसे लघु खनिजों की भारी कमी हो गई है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और संवेदक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में 30 जुलाई को समाहरणालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समीप शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। इसके माध्यम से सरकार का ध्यान संवेदकों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।

संघ ने निर्णय लिया कि जब तक जिले में पर्याप्त मात्रा में लघु खनिज उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक 05 अगस्त से सरकार की सभी निर्माण योजनाओं का कार्य बंद रखा जाएगा। इसके साथ ही सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से जारी होने वाली नई निविदाओं का भी सामूहिक बहिष्कार किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खनिजों की कमी के कारण यदि किसी निर्माण योजना का कार्य निर्धारित समय में पूरा नहीं हो पाता है और विभाग की ओर से अवधि विस्तार के नाम पर 10 प्रतिशत की कटौती या जुर्माना लगाया जाता है, तो इसका सामूहिक रूप से विरोध किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाना सराहनीय है, लेकिन बिना पर्याप्त तैयारी के नए नियम लागू करना पूरी तरह गलत है। नियम लागू करने से पहले पत्थर खनन पट्टों का विस्तार, बालू घाटों से खनन शुरू कराने और ईंट को ई-परिवहन चालान की अनिवार्यता से मुक्त करने जैसे कदम उठाए जाने चाहिए थे। अन्यथा पूरे राज्य में विकास कार्य ठप होने के साथ लाखों मजदूरों के रोजगार पर संकट गहरा जाएगा।

संघ के सचिव दयासागर प्रसाद ने कहा कि राज्यहित में सरकार को तत्काल नए नियम को स्थगित कर पूर्व की व्यवस्था लागू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब जिले में पर्याप्त खनिज उपलब्ध ही नहीं हैं, तो संवेदक निर्माण कार्य कैसे पूरा करेंगे। यह सरकार के सामने बड़ी चुनौती है।

बैठक में सोनाराम मांझी, रंजन सिंह, जलेश्वर महतो, गिरधारी महतो, जितेंद्र कुमार पिंकू, सज्जाद खान, सुभाष चंद्र सिंह, संजय साव, भानुप्रकाश महतो, विभन सिंह, अनुज तिवारी, सुनील कुमार सहित कई संवेदक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश