जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती विवाद : 29 को निकलेगा संविधान मार्च

 


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। छात्रों की ओर से मोरहाबादी में जेपीएससी–जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में चल रहे अनिश्चितकालीन सत्याग्रह के पांचवें दिन 29 जुलाई को भी संविधान मार्च निकाला जाएगा।

आंदोलनकारियों के अनुसार मार्च शाम तीन बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक आयोजित होगा। इससे पहले सत्याग्रह के चौथे दिन आंदोलन स्थल को बापू वाटिका, मोरहाबादी से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थानांतरित किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सत्याग्रही दीनबंधु मंडल और राम अवतार महतो ने झारखंड के छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, युवाओं और जागरूक नागरिकों से संविधान मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होकर पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था की मांग को समर्थन देने की अपील की है।

मौके पर आंदोलन के सूत्रधार देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि पिछले 26 वर्षों में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाएं लगातार विवादों और अनियमितताओं के आरोपों से घिरी रही हैं। उन्होंने कहा कि केवल जांच की घोषणा पर्याप्त नहीं है, बल्कि समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई, संस्थागत सुधार, जवाबदेही तय करने और दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है।

मौके पर आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होने, दोषियों पर कार्रवाई होने और युवाओं को न्याय मिलने तक उनका लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar