रामगढ नगर परिषद अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित कुसुमलता ने मारी बाजी

 




रामगढ़, 27 फ़रवरी (हि.स.)। रामगढ़ नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार कुसुमलता कुमारी ने बाजी मारते हुए जीत हासिल की है। उन्हें कुल 17605 वोट मिले हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रिया कुमारी को 6492 मतों से पराजित किया है। प्रिया कुमारी को कुल 11,113 मत मिले हैं। कुसुमलता कुमारी को जीत की बधाई देने के लिए रामगढ़ विधायक ममता देवी और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद पहुंचींं।

मतगणना की शुरुआत से ही कुसुमलता ने अपनी बढ़त बनाए रखी थी। जब अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की मतगणना की स्थिति साफ होने लगी, तो कुसुमलता देवी पहले स्थान पर थीं। वह भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रिया देवी से 652 मतों से आगे थींं। इसके बाद लगातार उनकी बढ़त बढ़ती गई और दूसरे राउंड में 1107 वोट से आगे हो गई। इसके बाद लगातार संख्या बदलता रहा और कुसुम लता 1252 वोट से आगे बढ़ती गईं। दूसरे राउंड की मतगणना शुरू हुई तो कुसुमलता देवी को सभी बूथों पर जमकर वोट मिले। उन्होंने लंबी छलांग लगाई। इसके बाद उन्होंने प्रिया कुमारी को 3594 वोटों से पछाड़ दिया।

कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार कुसुमलता देवी ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। हर राउंड की गणना के बाद वह 1000 वोट से आगे बढ़त बनाती चली गईं। अंततः उन्होंने 6492 मतों से प्रिया कुमारी को पराजित कर दिया। उनकी इस जीत ने भाजपा के साथ-साथ आजसू और जेएलकेएम जैसे कद्दावर नेताओं को किनारा कर दिया। आजसू समर्थित उम्मीदवार रेणु देवी को मात्र 9401 वोट मिले हैं। इसके अलावा जेएलकेएम समर्थित उम्मीदवार अनिता कुमारी को 8232 वोट से ही संतोष करना पड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा इस चुनाव में दो गुटों में बंटी और उन्हें करारी हार का समाना करना पडा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश