नीट पेपर लीक मामले में छात्रों की गूंज अभियान के तहत 09 अगस्त को कांग्रेस का दिल्ली चलो मार्च
रांची, 25 जून (हि.स.)। कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्र की भाजपा सरकार को घेरने के लिए छात्रों की गूंज अभियान शुरू किया है। अभियान 30 जून से 28 शहरों में पर्चा वितरण, बैठक और छात्र संपर्क के जरिए शुरू होगा और 09 अगस्त को दिल्ली चलो मार्च के साथ अपने प्रथम चरण का समापन होगा।
झारखंड दौरे पर आए कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने गुरुवार को रांची के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता मं कहा कि एक तरफ छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है, वहीं केंद्र सरकार इसे इवेंट के रूप में मान रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक सामने आने के बाद अनेक छात्र-छात्राओं ने खुदकुशी कर ली, लेकिन केंद्र सकार ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के बजाय दोबारा हुई परीक्षा में वायुसेना का इस्तेमाल कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की।
माैके पर इमरान प्रतापगढ़ी ने कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें रखी। इसमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा, पेपर लीक की जांच न्यायिक अधिकारियों के माध्यम से कराने और वार्षिक परीक्षा कैलेंडर लागू करना शामिल है। ताकि परीक्षा तिथि, रिजल्ट तिथि और नियुक्ति की समय-सीमा पहले से घोषित हो और इसका सख्ती से पालन किया जा सके।
सांसद ने कहा कि पूरी परीक्षा व्यवस्था की ओवरऑल जांच होनी चाहिए। इसमें एनटीए, पेपर सेटिंग, प्रिंटिंग, ट्रांसपोर्ट, परीक्षा केंद्र, डिजिटल सिस्टम और वेंडर कॉन्ट्रैक्ट शामिल हो।
अभियान के तहत जुलाई महीने में साप्ताहिक कार्यक्रमों के अलावा कैंपस संपर्क और अंबेडकर संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं 01 अगस्त को सभी 28 शहरों में जिला उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
09 अगस्त को रांची सहित देश भर के युवा दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। मौक पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा, प्रवक्ता राकेश सिन्हा, सतीश मुंजनी सहित अन्य नेता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak