नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा का रुख पूरी तरह से विरोधाभासी : दयामनी
पूर्वी सिंहभूम, 05 मई (हि.स.)। जिला महिला कांग्रेस की ओर से मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय, कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दयामनी बारला ने केंद्र सरकार और भाजपा की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा का रुख पूरी तरह विरोधाभासी है। एक ओर सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी ओर इस कानून को लागू करने में जानबूझकर देरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अधिनियम को जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं से जोड़कर इसके प्रभाव को टालने की कोशिश की जा रही है, जिससे महिलाओं को वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है।
दयामनी बारला ने कहा कि यदि केंद्र सरकार वास्तव में महिलाओं के अधिकारों और भागीदारी को लेकर गंभीर है, तो 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी और पोषण जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार की ठोस उपलब्धियां क्या हैं। उनके अनुसार, भाजपा केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने भाजपा की ओर से प्रस्तावित मशाल जुलूस को भी आड़े हाथों लेते हुए इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाना है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे इस तरह के राजनीतिक प्रयासों को भली-भांति समझती हैं।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, सरायकेला की संगीता प्रधान और पश्चिम सिंहभूम की राखी सुलेजा ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। स्थानीय निकायों से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है।
पार्टी नेत्री नलिनी सिन्हा ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन किसी भी प्रकार के राजनीतिक भ्रम या छलावे को सफल नहीं होने देगा और महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।
इस अवसर पर अपर्णा गुहा, बहामनी टुडू, शबाना परवीन, रजनी बंसल, सीमा मोहंती, गुड्डी देवी, सुनीता मिश्रा, ईशा कुमारी, लखबीर कौर, सुरिंदर कौर, संतोषी देवी, सुनैना देवी, गीता गुप्ता, मीरा सिंह, बेबी सिंह, यशोदा उरांव सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक