नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस ने दिया धरना, सौंपा ज्ञापन
रामगढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक के खिलाफ रामगढ़ में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने धरना दिया। साथ ही नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध जताया। जिला अध्यक्ष सह विधायक ममता देवी के नेतृत्व में जिले के कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता समाहरणालय के समक्ष पहुंचे और धरना दिया।
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में अनियमिताओं और पेपर लीक की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना के बाद लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ। कांग्रेस इस परीक्षा प्रणाली में हुई कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की।
मौके पर विधायक ममता देवी ने कहा कि 20 जुलाई को जब दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठियां चटकाई तो वह घटना देश को बर्दाश्त नहीं हुआ। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा छात्रों के आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतरे। उनके साथ भी पुलिस ने बर्बरता की। विधायक ममता देवी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
धरना के बाद पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन डीसी ऋतुराज को ज्ञापन सौंपा। अनियमिताओं और व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की गई है।
धरना में रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता मुंडा, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, महेश सिंह, पंकज तिवारी, मुकेश यादव, सज्जाद खान, सुधीर मंगलेश, सीपी संतन, गुलजार अंसारी, 20 सूत्री उपाध्यक्ष दिनेश मुंडा, गगन करमाली,
केसरी प्रसाद, प्रदीप शर्मा, साजिद अंसारी, अनिल मुंडा सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश