शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, अधूरे सपनों को पूरा करने का लिया संकल्प

 


रांची, 04 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर केशव महतो कमलेश ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का संपूर्ण जीवन झारखंड की पहचान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों तथा गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के सम्मान की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष केवल अलग झारखंड राज्य के निर्माण तक सीमित नहीं था, बल्कि वे ऐसे राज्य का सपना देखते थे, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, न्याय और विकास के समान अवसर उपलब्ध हों।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन सरकार दिशोम गुरु के विचारों और जनकल्याणकारी सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा और महागठबंधन के सभी घटक दल सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के साझा संकल्प के साथ राज्य के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु के आदर्श सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में जब संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सौहार्द को चुनौती देने के प्रयास किए जा रहे हैं, तब दिशोम गुरु का संघर्ष और उनके विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी उनके संघर्ष, त्याग और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अन्य नेताओं ने भी दिशोम गुरु के जीवन, संघर्ष और झारखंड निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का योगदान राज्य के इतिहास में सदैव अमिट रहेगा और आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग, संघर्ष तथा जननायक के रूप में निभाई गई भूमिका से प्रेरणा लेती रहेंगी।

कार्यक्रम में रविन्द्र सिंह, सतीश पॉल मुंजनी, प्रदीप तुलस्यान, बिनय सिन्हा दीपू, कुमार गौरव, राकेश सिन्हा, किशोर शाहदेव, राजीव रंजन प्रसाद, तोसिफ, सुरेंद्र सिंह, सोनल शांति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak