कांग्रेस जिला मुख्यालयों में 24 से आयोजित करेगी शिकायत और निवारण कार्य दिवस

 


रांची, 21 मई (हि.स.)। कार्यक्रम

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 24 मई को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में शिकायत और निवारण कार्य दिवस कार्यक्रम आहूत की जाएगी।

इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह पहल संगठन को और अधिक मजबूत, जवाबदेह एवं कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है ताकि जिला और प्रदेश स्तर पर कार्यकर्ता, पदाधिकारियों एवं आम कांग्रेसजन अपनी व्यक्तिगत प्रतिनिधित्व संबंधी शिकायतों को लिखित रूप में देंगे तथा उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कांग्रेस का मानना है कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। पार्टी ने हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान को प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि जिला कांग्रेस कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक शिकायतों का लिखित रूप में संग्रह किया जाएगा और उन्हें प्रदेश कार्यालय भेजकर निष्पक्ष समन्वित कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों को निर्देश दिया है कि इस कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जाए ताकि हर कार्यकर्ता अपनी बात संगठन के समक्ष रख सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak