कांग्रेस झारखंड के सभी जिलों में 10 अक्टूबर को मनाएगी काला दिवस
रांची, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय लोकतंत्र और देश की चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी संघर्ष के तहत 10 अक्टूबर 2026 को सभी जिला मुख्यालयों में काला दिवस के रूप में व्यापक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) केसी. वेणुगोपाल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमिटी के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, प्रखंड और मंडल अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता व्यापक रूप से शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सभी जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों से अपने-अपने जिला मुख्यालयों में काला दिवस कार्यक्रम को पूरी सक्रियता और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने को कहा गया है।
मुंजनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि लोकतंत्र, संविधान तथा देश की चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक लोकतांत्रिक नागरिक की जिम्मेदारी है। काला दिवस के माध्यम से कांग्रेसजन लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और संविधान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूती से व्यक्त करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सभी जिला इकाइयों को कार्यक्रम में अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak