एएसडीडी सूची में मतदाताओं की संख्या वृद्धि को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिली कांग्रेस

 


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण -एसआईआर 2026 के तहत तैयार की जा रही एएसडीडी सूची में 27 जुलाई तक मतदाताओं की संख्या 40,04,817 पहुंचने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गहरी चिंता व्यक्त की है।

इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि पांच अगस्त के बाद चुनाव आयोग से 15 दिन का समय और बढ़ाने की सिफारिश की जाएगी।

कांग्रेस का कहना है कि एएसडीडी सूची में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिनमें से लापता श्रेणी के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक चिंताजनक है। रांची, हटिया, कांके, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर पश्चिम जैसे प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं की संख्या 75 हजार से 1.15 लाख तक है।

डिजिटाइजेशन संतोषजनक रहने पर मतदाताओं की अनुपस्थित चिंताजनक

पार्टी का कहना है कि जब राज्य में डिजिटाइजेशन का काम संतोषजनक स्थिति में है, तब अनुपस्थित श्रेणी में इतनी बड़ी संख्या होना सवाल खड़े करता है।

देवघर और दुमका सहित आसपास के जिलों में बाबाधाम सावन मेले की शुरुआत हो रही है, जिससे आम जनता और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा कि कई जगहों से शिकायतें मिल रही हैं कि बीएलओ फॉर्म लेने के बाद हस्ताक्षर करके पावती रसीद नहीं दे रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एएसडीडी सूची का दायरा इतना बड़ा होने और अभी तक अनमैपिंग सूची का प्रकाशन न होने के कारण आम मतदाताओं पर अनावश्यक दबाव बढ़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए इन्यूमरेशन फेज के साथ-साथ नोटिस और सुनवाई प्रक्रिया की समय-सीमा आगे बढ़ाई जाए। मुख्य निर्वाचक पदाधिकारी के रवि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया है कि 5 अगस्त 2026 तक 15 दिन समय बढ़ाने का प्रस्ताव केंद्रीय निर्वाचन पदाधिकारी को भेजा जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, लाल किशोर नाथ शाहदेव, लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, सुनील सिंह, राजेश चंद्र राजू शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak