कांग्रेस नेताओं ने मंत्री दीपिका से मिलकर जताया शोक
रांची, 27 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भंवर जितेंद्र सिंह, सुप्रिया श्रीनेत, कनिष्क सिंह, देवेंद्र यादव, परेश धनानी, अजय शर्मा, आदेश रावल, प्रणव झा एवं मेघना पटेल ने रविवार को दिल्ली से रांची पहुंचकर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर उनसे मुलाकात की। पार्टी नेताओं ने उनकी पुत्री के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की।
मौके पर कांग्रेस नेताओं ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि पुत्री को खोने का यह असहनीय दुख शब्दों से व्यक्त नहीं किया जा सकता।
इस कठिन और पीड़ादायक समय में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान माहौल अत्यंत भावुक रहा और कांग्रेस नेताओं ने परिवार को ढांढस बंधाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak