एमएमडीआर बिल झारखंड के आर्थिक अधिकारों पर हमला : इरफान
जामताड़ा, 05 सितंबर (हि.स.)।
एमएमडीआर संशोधन बिल के खिलाफ सात सितंबर 2026 को रांची में प्रस्तावित कांग्रेस के राजभवन घेराव को सफल बनाने के लिए शनिवार को जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी की आपात बैठक हुई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में रांची कूच, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, वाहन व्यवस्था और प्रखंडवार तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि एमएमडीआर बिल झारखंड के आर्थिक एवं संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला है। भाजपा झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर, युवा और गरीबों के अधिकार की लड़ाई है। कांग्रेस राज्य के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
बैठक में जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष दीपिका बेसरा, कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, निशापति हांसदा, आस्था, बीरबल अंसारी, अभय पांडेय, इरशाद उल हक, आरसी मनोज मुर्मू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar