नाथवानी का नामांकन स्वीकार होने पर भडकी कांग्रेस कहा, देश में चल रहा दो निर्वाचन आयोग
रांची, 10 जून (हि.स.)। राज्यसभा चुनाव के निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी का नामांकन स्वीकार किए जाने के बाद कांग्रेस मुख्यालय में इंडी गठबंधन के नेताओं ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर निर्वाचन आयोग और भाजपा पर निशाना साधा।
राज्य के वित्तमंत्री सह कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि परिमल नाथवाणी के आवेदन में बड़ी-बड़ी तकनीकी खामियां रहीं, लेकिन उसके बाद भी केंद्रीय निर्वाचन आयोग के रिटर्निंग ऑफिसर ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी का नामांकन स्वीकार कर लिया। वहीं भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने किस तरह से काम किया इसे समझने की जरूरत है।
किशोर ने कहा कि यदि परिमल नाथवानी जीत जाते हैं तो भाजपा की झोली में सीट जाएगी और यदि हारे तो वे भाजपा के उम्मीदवार नहीं थे, का बखान किया जाएगा।
मंत्री ने आरोप लगाया कि देश में दो निर्वाचन आयोग चल रहा है। एक देश का निर्वाचन आयोग और दूसरा निर्वाचन आयोग निर्दलीय उम्मीदवार का। चुनाव आयोग का फॉर्मेंट बिल्कुल साफ है, लेकिन यहां पर नाथवानी का फॉर्मेट चल रहा है। यह राजनीतिक फॉर्मेट है।
निर्वाचन आयोग ने हमारीआपत्तियों को कर दिया खारिज : झामुमो
वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने केशव महतो कमलेश ने कहा कि परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में कुछ आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से सुबह में 11 बजे का समय दिया गया, जबकि मप्र में मीनाक्षी नटराजन को कोई समय नहीं दिया गया।
वहीं झामुमो केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हमलोगों ने पहले ही निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर कुछ आपत्तियां दर्ज कराई थी, लेकिन आपत्तियों को खारिज कर दिया गया। सुप्रियो भट्टाचार्य ने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को पता था कि वह चुनाव नहीं जीतेगी। इसके बाद भी उसने तीसरा उम्मीदवार दे दिया।
सुप्रियो ने कहा कि हम एकजुट हैं। हमारे पास 56 विधायकों का समर्थन है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दो दिनों तक झारखंड में रहे। भाजपा ने पहले कहा कि हम उम्मीदवार की घोषणा जल्द करेंगे। प्रधानमंत्री के आर्थिक परिषद के सदस्य गौरव वल्लभ रांची आते हैं और पर्चा खरीदते हैं, लेकिन इसके बाद निर्दलीय परिमल नाथवानी को भाजपा ने समर्थन दे दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak