नायक ने की नाथवानी के नामांकन रद्द करने की मांग
रांची, 10 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने राज्यसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए परिमल नाथवानी का नामांकन तत्काल रद्द करने की मांग की है। उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यदि नामांकन पत्र में किसी प्रकार की कानूनी, संवैधानिक या प्रक्रियागत त्रुटि पाई गई है, तो केवल नामांकन को होल्ड करना पर्याप्त नहीं है।
नायक ने कहा कि मध्यप्रदेश में आपत्तियों के आधार पर कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किया गया था। ऐसे में झारखंड में परिमल नाथवानी के मामले में अलग प्रक्रिया अपनाए जाने पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या चुनावी नियम सभी राज्यों और उम्मीदवारों पर समान रूप से लागू नहीं होने चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं को अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पारदर्शिता, निष्पक्षता और समानता जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar