कांग्रेस ने मनाया स्थापना दिवस , मनरेगा बचाने का लिया संकल्प
पलामू, 28 दिसंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के 140वें स्थापना दिवस पर रविवार को डालटनगंज के साहित्य समाज चौक के समीप जिला कार्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कांग्रेस ने देशहित में पार्टी के स्वर्णिम इतिहास को आज भी प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष विमला कुमारी एवं संचालन विनोद तिवारी ने किया। पार्टी के वरीय नेताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के पलामू प्रभारी विनय सिंहा मौजूद थे।
उनके अलावा दीनानाथ तिवारी, सोमेश्वर प्रसाद, सत्यानंद दुबे, रामाशीष पांडेय, ओम प्रकाश अमन, मिथिलेश सिंह, धनंजय तिवारी, रुद्र शुक्ला, मनोज गुप्ता, ईश्वरी सिंह, जितेंद्र कमलापुरी, गोपाल त्रिपाठी, छोटू पाठक, रिजवान खान, सत्येंद्र सिंह, विवेकानंद त्रिपाठी, जिशान खान, मुन्ना खान,नफ़िस खान सहित काफी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।
मौके पर मनरेगा बचाने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि ने सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया। कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हम सबके आराध्या हैं, लेकिन उनके नाम को बेचकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। इस मंसूबे को कभी सफल होने नहीं दिया जाएगा। मनरेगा को हर हाल में बचाएंगे इसके लिए गांव और पंचायत स्तर पर संघर्ष तेज किया जाएगा।
केंद्र सरकार ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर उनका अपमान किया है। इस अपमान को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। लोगों को जागरूक करेंगे। केंद्र सरकार की गलत नीतियों से अवगत कराया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाएगी और लोगों को जोड़ेगी। संघर्ष तेज किया जाएगा और एक बार फिर पुराने स्वरूप में पार्टी को लाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार