कंगना रनौत के विवादित बयान के विरोध में कांग्रेस ने फूंका पुतला

 




रांची, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की ओर से दिए गए विवादित एवं गैर-जिम्मेदाराना बयान के विरोध में बुधवार को झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत का पुतला दहन कर उनके बयान की कड़ी निंदा की।

महिला कांग्रेस नेत्रियों ने कहा कि कंगना रनौत लगातार ऐसे बयान देती रही हैं जो समाज में वैमनस्य फैलाने, महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम करते हैं। उनका बयान न केवल आपत्तिजनक हैं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक सौहार्द के भी विरुद्ध है।

महिला कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार कंगना रनौत जैसे नेत्रियों के भड़काऊ बयानों पर मौन रहकर उनकी मानसिकता का समर्थन कर रही है। भाजपा नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या पार्टी ऐसे बयानों से स्वयं को अलग मानती है या उनका समर्थन करती है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंगना रनौत अपने विवादित बयान के लिए देश की जनता से बिना शर्त माफी मांगें। साथ ही भाजपा नेतृत्व भी इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करे और ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों पर रोक लगाए।

महिला नेत्रियों ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक सद्भाव और महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और भविष्य में भी किसी भी विभाजनकारी एवं समाज विरोधी सोच का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान आभा सिन्हा, मेरी तिर्की, रीता चौधरी, नीतू देवी, अंजू कूजूर, मीनू सिंह, अनू बेक, पुर्णिमा सिंह, संगीता टोप्पो, पार्वती सिंह सहित कई महिला कांग्रेस नेत्रियां उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak