गुरु भक्ति में लीन हुई साध-संगत, प्रभात फेरी के शबद कीर्तन से भक्तिमय हुआ शहर
रामगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर रामगढ़ में आयोजित प्रभात फेरियों का सिलसिला श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। शुक्रवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से प्रभात फेरी निकाली गई। सुभाष चौक मेन रोड होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंची। पूरे मार्ग में गुरबाणी और शबद कीर्तन की मधुर ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रभात फेरी में निशान साहिब लेकर सरदार गुरजोत सिंह सैनी अगुवाई कर रहे थे। उनके पीछे बड़ी संख्या में स्त्री, पुरुष और बच्चे गुरबाणी का पाठ और शबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे। गुरु भक्ति में लीन साध-संगत ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। गुरुद्वारा साहिब पहुंचने पर साध-संगत का फूलों से स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सरदार त्रिलोचन सिंह जस्सल ने सरदार हरविंदर सिंह सैनी (बबलू सैनी) को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। रामगढ़ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मीडिया प्रभारी करमजीत सिंह जग्गी ने बताया कि शनिवार को प्रभात फेरी सरदार इंद्रजीत सिंह कोहली के आवास जाएगी। यह प्रभात फेरी लोहार टोला, झंडा चौक, मेन रोड और सुभाष चौक होते हुए गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी।
प्रभात फेरी में गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सरदार परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, हैप्पी छाबड़ा, सचिव हरदीप सिंह होरा, कुलवंत सिंह मारवाह, खजांची रघुवीर सिंह छाबड़ा, हेड ग्रंथी सरदार गुरविंदर सिंह सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश