कांग्रेस ने आदित्य साहू के बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
रांची, 28 मार्च (हि.स.)। झारखंड के हज़ारीबाग में हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए, बजाय इसके कि वह हर घटना का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करे।
उन्होंने कहा कि दुष्कर्म जैसी जघन्य घटनाएं समाज पर कलंक हैं और इनके खिलाफ सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर सख्त कदम उठाने चाहिए। लेकिन भाजपा इस गंभीर मुद्दे पर भी राजनीतिक रोटियां सेंकने से बाज नहीं आ रही है।
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इन घटनाओं पर पार्टी की चुप्पी साफ दिखाई देती है।
इस बयान के साथ ही झारखंड की राजनीति में हजारीबाग की घटना को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जहां दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak