सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव
रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रांची स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ एनएसयूआई के छात्र नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। झारखंड कांग्रेस ने पहले ही राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और रांची में निर्वाचन आयोग कार्यालय के घेराव की घोषणा की थी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से कार्यालय के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया। उनका कहना था कि मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के गेट से अंदर जाने की कोशिश भी की। कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर कार्यालय के बाहर डटे रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे।
जारी........
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे