छात्र हित में कैबिनेट के फैसलों पर कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जताया आभार
रांची, 18 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित पार्टी के मंत्री और विधायकों ने मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने 17 अगस्त को झारखंड मंत्रालय में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में छात्र हित में लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार ने विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील पहल की है। उन्होंने छात्र हित से जुड़े निर्णयों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता की सराहना की।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि राज्य सरकार का फैसला विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार जनहित और युवाओं के हितों को प्राथमिकता दे रही है। टीडीपीएल की ओर से आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले से प्रभावित विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी तथा उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता दूर होगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है और आगे भी लेती रहेगी।
मुलाकात के दौरान राज्य में चल रही विकास योजनाओं, जनहित और छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे