रांची नगर निगम चुनाव: रमा खलखो के समर्थन में हुई कांग्रेस की रणनीति बैठक
रांची, 22 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी की समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो के समर्थन में रांची नगर निगम चुनाव को लेकर चुटिया प्रखंड कांग्रेस समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक चुटिया स्थित राम मंदिर के सामने निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुई। इसमें रमा खलखो के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क अभियान चलाने, मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने कहा कि नगर निगम चुनाव शहरी विकास, मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक कर अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित कराए।
मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने रमा खलखो के समर्थन में अपनी पूरी ताकत झोंकने की प्रतिबद्धता व्यक्त की और एकजुट होकर चुनाव अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में पार्टी के चुटिया प्रखंड प्रभारी अरुण चावला, सालोमी कच्छप, गोपीकृष्ण अग्रवाल, कृष्णा सहाय, अवतार सिंह, संजीव महतो, अंतरा कच्छप, अंजली कच्छप, अरविंद मुंडा, राजेश नायक, मनु मुंडा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
नेताओं ने विश्वास जताया कि संगठित प्रयास और जमीनी स्तर पर सक्रियता से रमा खलखो को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा। बैठक का समापन चुनावी तैयारियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ हुआ।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak