जेपीएससी में भ्रष्टाचार भाजपा शासन की पहचान, बाबूलाल करें आत्मचिंतन : ऋषीकेश

 


रांची, 26 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के जेपीएससी मामले में दिए गए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जिस भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में जेपीएससी भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कथित अनियमितताओं का प्रतीक बन गया था, उसी पार्टी के नेता आज नैतिकता और पारदर्शिता की बात कर रहे हैं।

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि भाजपा शासनकाल में आयोजित जेपीएससी की प्रथम, द्वितीय, तृतीय और छठी संयुक्त प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर गंभीर अनियमितताओं, पक्षपात और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इन मामलों में लंबे समय तक न्यायिक प्रक्रिया चली और कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता इन घटनाओं को भूली नहीं है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि उस दौर में जेपीएससी में प्रतिभा और योग्यता के बजाय सत्ता से नजदीकी, प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों और पैसे वालों को प्राथमिकता मिलने के आरोप लगते रहे। इससे राज्य के हजारों योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ।

कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि बाबूलाल मरांडी आज नैतिकता और पारदर्शिता की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले अपने शासनकाल में जेपीएससी को लेकर उठे विवादों और आरोपों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और राजनीतिक बयानबाजी से तथ्य नहीं बदल सकते।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak