ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार पर यज्ञा बाबा आश्रम में भक्ति का संगम, सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन
रांची, 27 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार एवं गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मोराबादी स्थित श्री श्री 1008 यज्ञा बाबा आश्रम में बुधवार को पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान, सामूहिक सुंदरकांड पाठ और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पूरे आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत तथा ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं के बीच आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर सुंदरकांड सेवा समिति, मोराबादी के तत्वावधान में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सैकड़ों महिलाओं ने एक स्वर में सुंदरकांड का पाठ कर भगवान हनुमान की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम का नेतृत्व स्मिता शुक्ला ने किया। वहीं, श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप खीर का वितरण मिनी शर्मा द्वारा कराया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान भोलेनाथ के पावन घट का वैदिक विधि-विधान से विशेष पूजन भी किया गया। इसके बाद धार्मिक परंपराओं के अनुसार घट परिवर्तन एवं विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को आध्यात्मिक शुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और सनातन परंपरा का प्रतीक बताया।
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की सहभागिता रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
इस अवसर पर यज्ञा बाबा आश्रम के महंत भरत दास जी महाराज, मुख्य पुजारी विकास पांडे, आशुतोष द्विवेदी, राजू पोद्दार, राजू दुबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar