पंचायत से पार्लियामेंट तक निर्णय में शामिल होगी नारी : संजय सेठ
रांची 14 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर मंगलवार को रांची में भव्य सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें हजारों महिलाओं की सहभागिता रही। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। पंचायत से पार्लियामेंट तक, निर्णय में नारी, नव भारत की तैयारी थीम पर आधारित यह कार्यक्रम पूर्णतः नारी शक्ति को समर्पित रहा, जिसमें महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी ने इसे उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का आयोजन रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सरोज शर्मा, विनीता सिंघानिया (पूर्व अध्यक्ष, समर्पण संस्था), विजयश्री साबू (अध्यक्ष, महिला माहेश्वरी सभा) और राष्ट्रीय कवयित्री पुष्पा सहाय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन उषा जालान ने किया।
सम्मेलन का शुभारंभ उपस्थित महिलाओं का पुष्पवर्षा कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही, महिलाओं को दिए गए आरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार साझा किया।
सम्मेलन के बाद आर्यभट्ट सभागार से एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों महिलाओं ने भाग लिया। यह पदयात्रा मोराबादी स्थित बापू वाटिका तक निकाली गई, जहां सभी ने राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित कर नारी सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया गया।
मौके पर संजय सेठ ने कहा कि नवभारत की नारी को पंचायत से पार्लियामेंट तक निर्णय में भागीदारी देनी है। इस उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह अधिनियम लाया है। यह सिर्फ अधिनियम नहीं है, यह इस सपने के पूरा होने जैसा है जो आजादी के बाद हमारे देश की मातृशक्ति देखती थीं।
सेठ ने कहा कि यह आयोजन न केवल नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक बना बल्कि यह संदेश भी दिया कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में हजारों महिलाओं की उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे